सामग्री पर जाएँ
AWAZ E BIHAR
बिहार

पुर्णिया में तीसरी बार लगा 'रोजगार मेला', 3 हजार से अधिक युवाओं को मिला नौकरी का ऑफर: पप्पू यादव

Awaz E Bihar2 मिनट में पढ़ें

पप्पू यादव ने आगे कहा कि आम लोगों की खरीदारी की ताकत अर्थव्यवस्था की एक महत्वपूर्ण नींव है। गरीब व्यक्ति भी रोजमर्रा की ज़रूरत की चीज़ें खरीदकर अर्थव्यवस्था में अपना सहयोग देता है।

पटना :(ए बी एन) पुर्णिया से स्वतंत्र सांसद राजेश रंजन अर्थात पप्पू यादव की पहल पर मंगलवार को आयोजित 'रोजगार मेला' में 3 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिले। 6 महीनों के भीतर पुर्णिया में तीसरी बार आयोजित किए गए इस रोजगार मेले में एपल, ब्लैंकेट, महिंद्रा लॉजिस्टिक्स, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और हंडई समेत कई बड़ी कंपनियों ने युवाओं का चयन किया। उन्होंने चयनित युवाओं को ऑफर लेटर सौंपे। इस रोजगार मेले का उद्देश्य पुर्णिया, सीमांचल और आसपास के क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि रोजगार नौकरी पाने का साधन नहीं है, बल्कि यह किसी परिवार की आर्थिक स्थिति बदलने, आत्मविश्वास बढ़ाने और भविष्य को सुरक्षित बनाने की नींव है।

पप्पू यादव ने कहा कि देश के विकास और अर्थव्यवस्था की बात करते समय गरीबों, मजदूरों, किसानों और मध्यम वर्ग की ज़िंदगी को भी केंद्र में रखना चाहिए। आज भी समाज में ऐसे कई परिवार हैं जिनको बैंक से कर्ज़ नहीं मिल पाता, क्योंकि उनके पास संपत्ति या गारंटी के लिए कोई चीज़ नहीं होती। ऐसे लोग मेहनत और योग्यता के बावजूद अपना छोटा कारोबार शुरू नहीं कर पाते। ज़रूरत ऐसे सिस्टम के निर्माण की है जिसमें आम परिवारों के युवा भी अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ सकें।

पप्पू यादव ने आगे कहा कि आम लोगों की खरीदारी की ताकत अर्थव्यवस्था की एक महत्वपूर्ण नींव है। गरीब व्यक्ति भी रोजमर्रा की ज़रूरत की चीज़ें खरीदकर अर्थव्यवस्था में अपना सहयोग देता है। इसलिए लोगों की आय बढ़ाने, रोजगार के अवसर पैदा करने और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने पर ध्यान देना ज़रूरी है। उनके अनुसार सिर्फ नौकरी मिलना पर्याप्त नहीं है। अगर किसी युवा को मासिक 16 से 18 हज़ार रुपये वेतन मिलता है और इसका अधिकांश हिस्सा किराए, खाने-पीने और अन्य खर्चों में चला जाता है, तो परिवार की ज़रूरतें पूरी करना मुश्किल हो जाता है। युवाओं को बेहतर वेतन, कौशल विकास, प्रगति के अवसर और आगे बढ़ने के रास्ते भी मिलने चाहिए।

सांसद ने तकनीकी शिक्षा, आईटी, व्यावसायिक प्रशिक्षण और आधुनिक कौशल से युवाओं को जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने बेटियों को भी आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने के अवसर प्रदान करने की ज़रूरत बताई। उन्होंने युवाओं से अपनी योग्यता पर भरोसा रखने, लगातार सीखने और मेहनत करने की अपील की। पप्पू यादव ने कहा कि रोजगार मेलों के जरिए अधिकतम कंपनियों को एक मंच पर लाने की कोशिश की जा रही है ताकि बिहार के युवाओं को नौकरी के लिए दूसरे राज्यों में भटकना न पड़े। पप्पू यादव ने आगे कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ नौकरी दिलाना नहीं है, बल्कि युवाओं की ज़िंदगी में स्थायी बदलाव लाना है, ताकि वे अपने परिवार का सहारा बन सकें और आने वाली पीढ़ी को बेहतर भविष्य दे सकें। उल्लेखनीय है कि पुर्णिया में पप्पू यादव की पहल पर इससे पहले भी 2 रोजगार मेलों का आयोजन किया जा चुका है।

बिहार की और ख़बरें

सभी देखें