
सردार पटेल की झांकी बनाने के नाम पर हुई भ्रष्टाचार पर माफी मांगे भाजपा: कांग्रेस
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि गुजरात की भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के लिए झांकी बनाने के काम में भ्रष्टाचार किया है और इसके लिए नियमों का पालन किए बिना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई को जिम्मेदारी सौंपी गई है, इसलिए बीजेपी सरकार को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य शक्ति सिंह गोहिल ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बीजेपी और उसके लोग खुद भ्रष्टाचार करते हैं और नारा देते हैं "न खाऊंगा, न खाने दूंगा" लेकिन गुजरात में उन्हीं सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है, जो गुजरात कांग्रेस के पहले अध्यक्ष थे और वे 25 वर्षों तक प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रहे।
श्री गोहिल ने कहा कि उन्हीं लोह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर बीजेपी भ्रष्टाचार कर रही है। सभी को पता है कि केंद्र सरकार ने सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर गुजरात में एकता परेड कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया है। सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित समारोह के लिए झांकी बनानी है और इसके लिए राज्य सरकार ने एक सर्कुलर जारी किया जिसमें पांच कंपनियों के नाम रखे गए।
गृह मंत्रालय ने 31 अक्टूबर को एक सर्कुलर में उन कंपनियों को एकता परेड की झांकी बनाने के काम के लिए चुना है, जिनमें मेसर्स लाइव पिक्सल टेक्नोलॉजी, मेसर्स सिद्धेश्वर कनोगा, मेसर्स विशा कनोगा, मेसर्स सुशांत खेडकर और मेसर्स स्मार्ट ग्राफ आर्ट एडवर्टाइजिंग का नाम शामिल है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि इसके लिए कोई टेंडर नहीं मंगाए गए। सरकार ने टेंडर न मंगवाने का कारण बताते हुए कहा कि समय नहीं है इसलिए जल्दबाजी में टेंडर नहीं मंगाए गए। झांकी बनाने के लिए जो पांच नाम दिए गए हैं वे सभी एक ही शतरंज की गोटियां हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि सरदार पटेल की जयंती है इसकी सभी को जानकारी है फिर भी समय पर इसके लिए टेंडर नहीं मंगाए गए। इसमें कमाल की बात यह है कि सरकार ने 29 अक्टूबर को एक और सर्कुलर जारी कर बताया कि जिन पांच फर्मों के नाम रखे गए हैं उनमें झांकी किसे बनानी है, श्री पंकज मोदी को इसे अंतिम रूप देना है।
श्री गोहिल ने श्री पंकज मोदी का परिचय देते हुए बताया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई हैं। उन्हें झांकी के काम के लिए प्रतिदिन दस हजार रुपये और अन्य सुविधाएं दी जानी हैं। यह सभी ठीक है कि सरकार ने उन्हें इस काम के लिए नियुक्त किया है लेकिन श्री मोदी झांकी बनाने के माहिर नहीं हैं।
उनका कहना था कि पंकज मोदी ने 1981 में क्लास-3 की नौकरी शुरू की और वे क्लास-1 अधिकारी बने जबकि उनके साथ के किसी भी अन्य कर्मचारी को क्लास-1 तक पदोन्नति नहीं मिली।
कांग्रेस नेता ने कहा कि नियमों का उल्लंघन कर सरदार पटेल की झांकी बनाने के काम में भ्रष्टाचार हुआ है और यह सरदार पटेल का अपमान है, इसलिए बीजेपी को इसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
संबंधित समाचार

आरएसएस का युवाओं और महिलाओं पर ध्यान बढ़ाने का फैसला

अरुणाचल में चीन के साथ झड़प पर सरकार सच छिपा रही है, देश को पूरी जानकारी दी जाए: खरगे

