सामग्री पर जाएँ
खेल

दिल्ली कैपिटल्स महिला ने आरसीबी को सात विकेट से हराया

Awaze Bihar2 मिनट पढ़ें

नंदनी शर्मा (तीन विकेट) के नेतृत्व में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद लॉरा वोल्वार्ड्ट (नॉट आउट 42) की शानदार पारी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स महिला टीम ने शनिवार को महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के 15वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) को 26 गेंदें शेष रहते हुए सात विकेट से हराया। इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।

110 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स महिला टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 24 के स्कोर तक अपने दो विकेट गंवा दिए। शेफाली वर्मा आठ गेंदों पर 16 रन और लिजेल ली छह रन बनाकर आउट हुईं। दोनों बल्लेबाजों को सायली सातगांवकर ने आउट किया। इसके बाद कप्तान जेमिमा रॉड्रिग्ज ने लॉरा वोल्वार्ड्ट के साथ पारी को संभाला और रन भी जोड़े। 12वें ओवर में राधा यादव ने जेमिमा रॉड्रिग्ज (24) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। 16वें ओवर की चौथी गेंद पर मारिजान कैप ने चौका लगाकर दिल्ली कैपिटल्स को जीत दिला दी। दिल्ली कैपिटल्स ने 15.4 ओवरों में तीन विकेट पर 111 रन बनाकर मैच सात विकेट से अपने नाम किया। लॉरा वोल्वार्ड्ट ने 38 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से नॉट आउट 42 रन बनाए, जबकि मारिजान कैप ने 15 गेंदों पर नॉट आउट 19 रन बनाए।

इससे पहले आज यहां दिल्ली कैपिटल्स महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी के लिए उतरी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, दिल्ली कैपिटल्स की संगठित गेंदबाजी के सामने निर्धारित 20 ओवरों में महज 109 रन ही बना सकी। कप्तान स्मृति मंधाना ने टीम के लिए 34 गेंदों पर सर्वाधिक 38 रनों की पारी खेली। इसके अलावा राधा यादव ने 17 गेंदों पर 18 रन बनाए जबकि जॉर्जिया वॉल 11 रन बनाकर आउट हुईं। बाकी आठ बल्लेबाज दहाई के अंक तक भी नहीं पहुंच सके।

दिल्ली कैपिटल्स की ओर से नंदनी शर्मा ने तीन विकेट लिए, जबकि शेनेल हेनरी, मारिजान कैप और मन्नू मानी को दो-दो विकेट मिले। श्रीचरण ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

अन्य भाषा में: English · اردو

साझा करें:

संबंधित समाचार