सामग्री पर जाएँ
Awaze Bihar
राष्ट्रीय

आसम में हाथियों से टकराने के बाद राजधानी एक्सप्रेस पटरी से उतरी, कोई जानी नुकसान नहीं

1 मिनट में पढ़ें

गुवाहाटी, असम में शनिवार की अलसुबह एक बड़े हादसे में 20507 डाउन सियारंग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के झुंड से टकरा गई, जिससे इंजन समेत ट्रेन के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सुबह लगभग 2.17 बजे लामडिंग डिवीजन के तहत जमुनामुख-कामपुर सेक्शन में हुई, जो गुवाहाटी से लगभग 126 किलोमीटर दूर है। सूचना मिलते ही दुर्घटना राहत ट्रेनें और लामडिंग डिवीजन हेड क्वार्टर के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं पुनर्वास का काम शुरू किया गया।
यात्रियों की मदद के लिए गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर हेल्प लाइन नंबर सक्रिय किए गए हैं। हेल्प लाइन नंबर हैं- 2731621-0361, 2731622-0361 और 2731623-0361। नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के जनरल मैनेजर और लामडिंग डिवीजनल रेलवे मैनेजर सहित वरिष्ठ रेल अधिकारी भी दुर्घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। रेलवे की ओर से बताया गया कि पटरी से उतरे डिब्बों को अलग करने के बाद ट्रेन सुबह 6.11 बजे गुवाहाटी के लिए रवाना हुई। गुवाहाटी में अतिरिक्त कोच जोड़कर ट्रेन आगे का सफर शुरू करेगी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, यह घटना ऐसी जगह पर हुई है जो अधिसूचित हाथी कॉरिडोर नहीं है। लोको पायलट ने हाथियों के झुंड को देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाया, इसके बावजूद हाथी ट्रेन से टकरा गए। इस दौरान, प्रभावित सेक्शन से गुजरने वाली ट्रेनों को अप लाइन के माध्यम से डाइवर्ट किया गया है। रेल यातायात को सामान्य करने के लिए पुनर्वास का काम जारी है।

राष्ट्रीय की और ख़बरें

सभी देखें