सामग्री पर जाएँ
खेल

इंग्लैंड को हराकर भारत टी-20 विश्व कप के फाइनल में

Awaze Bihar3 मिनट पढ़ें

जैकब बेथल की शतक व्यर्थ गई। संजू सैमसन (89), शिवम दुबे (43) और ईशान किशन (39) की तूफानी बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने गुरुवार को टी-20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल के रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को सात रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। संजू सैमसन को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार दिया गया।
254 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 38 के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिए। फिल साल्ट (5) और कप्तान हैरी ब्रुक (7) रन बनाकर आउट हुए। छठे ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने जोस बटलर को आउट करके भारत को तीसरी सफलता दिलाई। जोस बटलर ने 17 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए 25 रन बनाए। इसके बाद टॉम बेंटन (17) को अक्षर पटेल ने बोल्ड किया।
इसके बाद विल जैक्स ने जैकब बेथल के साथ पांचवें विकेट के लिए धुआंधार 77 रन जोड़कर भारत की चिंता में इजाफा कर दिया। 14वें ओवर में अर्शदीप ने विल जैक्स को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। विल जैक्स ने 20 गेंदों में चार चौके और दो छक्के लगाते हुए 35 रन बनाए। 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर हार्दिक ने सैम कर्रन (18) को आउट करके एक बार फिर मैच का पासा पलट दिया। आखिरी ओवर में शिवम दुबे की पहली गेंद पर जैकब बेथल के रन आउट होने से इंग्लैंड की उम्मीदों को करारा झटका लगा। जैकब बेथल ने 48 गेंदों में आठ चौके और सात छक्के जड़ते हुए 105 रन की पारी खेली।
इंग्लैंड की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 246 रन ही बना सकी और मुकाबला सात रन से हार गई। जोफ्रा आर्चर ने आखिरी ओवर में तीन छक्के लगाते हुए नाबाद 19 रन बनाए। भारत की ओर से हार्दिक पंड्या ने दो विकेट हासिल किए। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले संजू सैमसन (89), शिवम दुबे (43) और ईशान किशन (39) की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने गुरुवार को टी-20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ सात विकेट पर 253 रन का बड़ा स्कोर बनाया था। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरे ही ओवर में 20 रन के स्कोर पर अभिषेक शर्मा (9) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए ईशान किशन ने संजू सैमसन के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन भी बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी हुई। 10वें ओवर में आदिल राशिद ने ईशान किशन को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। ईशान किशन ने 18 गेंदों में चार चौके और दो छक्के लगाते हुए 39 रन बनाए।
भारत का तीसरा विकेट संजू सैमसन के रूप में 14वें ओवर की पहली गेंद पर गिरा। विल जैक्स ने उन्हें आउट करके अपना दूसरा विकेट हासिल किया। संजू सैमसन ने 42 गेंदों में आठ चौके और सात छक्के लगाते हुए 89 रन की शानदार पारी खेली। 16वें ओवर में आदिल राशिद ने सूर्यकुमार यादव (11) को अपना शिकार बनाया। 18वें ओवर की चौथी गेंद पर शिवम दुबे रन आउट हुए। शिवम दुबे ने 25 गेंदों में एक चौका और चार छक्के लगाते हुए 43 रन की धुआंधार पारी खेली। 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने छक्कों की झड़ी लगाने वाले तिलक वर्मा को बोल्ड करके पवेलियन भेज दिया। तिलक वर्मा ने सात गेंदों में तीन छक्कों की मदद से 21 रन बनाए। पारी के आखिरी ओवर में हार्दिक पंड्या रन आउट हुए, उन्होंने 12 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 27 रन बनाए। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में नाक आउट राउंड का सबसे बड़ा स्कोर सात विकेट पर 253 रन बनाया।
इंग्लैंड की ओर से आदिल राशिद और विल जैक्स ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि जोफ्रा आर्चर ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

अन्य भाषा में: English · اردو

साझा करें:

संबंधित समाचार