
भारत ने पाकिस्तान को हराकर सुपर 8 में जगह बनाई
ईशान किशन (77), सूर्यकुमार यादव (32) और शिवम दुबे (27) की धमाकेदार बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने रविवार को टी20 वर्ल्ड कप के 27वें मैच में 12 गेंद शेष रहते हुए पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर आठ में जगह बनाई। भारत ने इस जीत के साथ वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया है।
176 के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह की जोड़ी ने हिलाकर रख दिया। हार्दिक ने पहले ही ओवर में साहिबजादा फरहान (0) को आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई। अगले ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने सैम आयुब (6) और उसी ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान आघा सलमान (4) को अपना शिकार बनाया। पांचवें ओवर में गेंदबाजी करने आए अक्षर पटेल ने बाबर आजम (5) को आउट कर दिया। इसके बाद उस्मान खान और शादाब खान ने 39 रन जोड़कर वापसी की कोशिश की, लेकिन 11वें ओवर में अक्षर ने उस्मान खान को आउट करके पाकिस्तान को पांचवां झटका दिया। उस्मान खान ने 34 गेंदों पर छह चौके और एक छक्का लगाकर 44 रन की पारी खेली। कुलदीप ने मोहम्मद नवाज (4) का विकेट लिया। तिलक वर्मा ने 13वें ओवर में शादाब खान को आउट करके भारत को सातवीं सफलता दिलाई। वरुण चक्रवर्ती ने 16वें ओवर में फहीम अशरफ (10) और अबरार अहमद (0) के विकेट लिए। 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर हार्दिक पंड्या ने उस्मान तरीक (0) को बोल्ड करके पाकिस्तान की पारी 114 के स्कोर पर समाप्त कर दी और भारत को सुपर आठ में पहुंचा दिया। भारत की ओर से हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए। कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप की इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर सात विकेट पर 175 रन बनाया। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत की शुरुआत खराब रही और उसने भुवनेश्वर शर्मा (0) का विकेट गंवाया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए तिलक वर्मा ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े। सैम आयुब ने नौवें ओवर में धमाकेदार बल्लेबाजी कर रहे ईशान किशन को बोल्ड करके इस साझेदारी का अंत किया। ईशान किशन ने 40 गेंदों में 10 चौके और तीन छक्के लगाकर 77 रन बनाए। 15वें ओवर में सैम आयुब ने तिलक वर्मा को 24 गेंदों में 25 रन पर और उसकी अगली ही गेंद पर हार्दिक पंड्या (0) को आउट करके पाकिस्तान को मैच में वापसी कराई। 19वें ओवर में उस्मान तरीक की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में सूर्यकुमार यादव बाउंड्री पर कैच आउट हो गए।
सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 32 रन बनाए। शिवम दुबे ने 17 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाए। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। रणको सिंह चार गेंदों पर 11 रन बनाने के बाद नॉट आउट रहे। पाकिस्तान की ओर से सैम आयुब ने तीन जबकि शाहीन शाह अफरीदी और आघा सलमान ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।



