सामग्री पर जाएँ
खेल

न्यूजीलैंड ने चौथे मैच में भारत को हराया

Awaze Bihar2 मिनट पढ़ें

टिम साइफर्ट (64), डेवोन कॉनवे (44) और डेरिल मिचेल (नॉट आउट 39) की शानदार बल्लेबाजी के बाद कप्तान मिचेल सेंटनर (तीन विकेट) के नेतृत्व में गेंदबाजों की उत्कृष्ट गेंदबाजी के कारण न्यूजीलैंड ने बुधवार को चौथे टी -20 मैच में भारत को 50 रन से हरा दिया। 216 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और उसने 9 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए। अभिषेक शर्मा (शून्य) और सूर्य कुमार यादव (8) रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद संजू सैमसन ने रिंकू सिंह के साथ तीसरे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी की। सातवें ओवर में मिचेल सेंटनर ने संजू सैमसन को 16 गेंदों में 24 रन पर आउट कर भारत को तीसरा झटका दिया। हार्दिक पंड्या (2) को भी सेंटनर ने पवेलियन भेजा। रिंकू सिंह 30 गेंदों में 39 रन बनाकर पांचवें विकेट के रूप में आउट हुए। इसके बाद शिवम दुबे ने हर्षित राणा के साथ छठे विकेट के लिए 63 रन जोड़कर उम्मीद जगाई, लेकिन 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर मैट हेनरी ने शिवम दुबे को रन आउट कर दिया। शिवम दुबे ने 23 गेंदों में सात छक्के और तीन चौके लगाकर 65 रन की आक्रामक पारी खेली और भारत की ओर से तीसरी तेजतम टी -20 अर्धशतक पूरा किया। अगले ही ओवर में हर्षित राणा 9 रन बनाकर आउट हुए। अर्शदीप सिंह (शून्य) और जसप्रीत बुमराह (4) रन बनाकर आउट हुए। 19वें ओवर की चौथी गेंद पर जैकब डफी ने कुलदीप यादव (1) को आउट कर 165 के स्कोर पर भारतीय पारी का अंत कर दिया और अपनी टीम को 50 रन से जीत दिलाई। न्यूजीलैंड की ओर से मिचेल सेंटनर ने तीन विकेट लिए, जबकि जैकब डफी और ऐश सोडी को दो-दो विकेट मिले। मैट हेनरी और जैकरी फॉक्स ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी में टिम साइफर्ट और डेवोन कॉनवे की ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 100 रन जोड़े। नौवें ओवर में कुलदीप यादव ने डेवोन कॉनवे को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। कॉनवे ने 23 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के लगाकर 44 रन बनाए। अगले ओवर में जसप्रीत बुमराह ने रचिन रवींद्रा (2) को अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। 13वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने टिम साइफर्ट को आउट कर गति कम की; साइफर्ट ने 36 गेंदों में सात चौके और तीन छक्के लगाकर 62 रन बनाए। बाद में कुलदीप ने ग्लेन फिलिप्स (24) को आउट किया, मार्क चैपमैन (9) को रवि बिश्नोई ने पवेलियन भेजा। मिचेल सेंटनर (11) और जैकरी फॉक्स 13 रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 215 रन बनाए। डेरिल मिचेल ने 18 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के लगाकर नॉट आउट 39 रन बनाए। भारत की ओर से गेंदबाजी में कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह और रवि बिश्नोई ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

अन्य भाषा में: English · اردو

साझा करें:

संबंधित समाचार