सामग्री पर जाएँ
राष्ट्रीय

दिल्ली से बिना महरम महिलाएं हज के लिए मदीना रवाना

Awaze Bihar2 मिनट पढ़ें

आज सऊदी एयरलाइन की सातवीं हज फ्लाइट नंबर एसवी-5909 के माध्यम से 43 बिना महरम महिलाएं दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से हज के फ़र्ज़ को अदा करने के लिए पवित्र शहर मदीना के लिए रवाना हुईं। इस अवसर पर इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर दिल्ली राज्य हज समिति की अध्यक्ष कौसर जहां, हज समिति के कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरिफी, उप कार्यकारी अधिकारी मोहसिन अली और हज समिति के अन्य कर्मचारियों ने इन महिलाओं का स्वागत किया और फूलों के साथ उनका सम्मान करते हुए उन्हें हज के सफर पर रवाना किया। इस अवसर पर अध्यक्ष कौसर जहां ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की इस सराहनीय पहल से अब समाज के हर वर्ग के लिए सुविधाएं उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल के तहत बिना महरम (बिना पुरुष साथी) महिलाओं का हज पर जाना न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि महिलाओं को सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण उदाहरण भी है। उल्लेखनीय है कि आज दिल्ली से हज के लिए रवाना होने वाली 43 महिलाओं में से 12 दिल्ली से, 21 उत्तर प्रदेश से, 3 बिहार से, 4 जम्मू-कश्मीर से, 2 मध्य प्रदेश से और 2 उत्तराखंड से संबंधित हैं। 18 अप्रैल से शुरू होने वाली हज फ्लाइटों की श्रृंखला की यह सातवीं फ्लाइट थी, जिसके तहत अब तक कुल 2721 हज यात्री मदीना रवाना हो चुके हैं। अब तक रवाना होने वालों में 1423 पुरुष और 1298 महिलाएं शामिल हैं। आगामी 20 मई तक सऊदी एयरलाइन की 54 फ्लाइटों के माध्यम से दिल्ली राज्य सहित उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के 21,100 से अधिक हज यात्री मदीना मुनव्वरा और जेद्दा के रास्ते मक्का मुकर्रमा रवाना होंगे। इस वर्ष दिल्ली एम्बार्केशन से हज के लिए पहले चरण में 31 फ्लाइटों के माध्यम से 12,240 हज यात्री मदीना मुनव्वरा जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में 23 फ्लाइटों के माध्यम से 8,860 हज यात्री मक्का मुकर्रमा रवाना होंगे। जबकि दिल्ली राज्य के हज यात्रियों की संख्या 3196 है।

अन्य भाषा में: English · اردو

साझा करें:

संबंधित समाचार