सामग्री पर जाएँ
AWAZ E BIHAR
बिहार

एसडीजी लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए बिहार में विभागीय समन्वय को मजबूत करने पर जोर

Awaz E Bihar1 मिनट में पढ़ें

विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत बनाना और राज्य सूचकांक ढाँचे (एसआईएफ) की समीक्षा करके इसे नवीनतम आवश्यकताओं के अनुसार अपडेट करना था

पटना, 4 नवंबर (एबीएन) बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग द्वारा यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से एसडीजी (सतत विकास लक्ष्य) के नोडल अधिकारियों के लिए एक दिन की क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ एन वीजे लक्ष्मी और सचिव कुशल तनुज ने किया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत बनाना और राज्य सूचकांक ढाँचे (एसआईएफ) की समीक्षा करके इसे नवीनतम आवश्यकताओं के अनुसार अपडेट करना था। इस अवसर पर डॉ एन वीजे लक्ष्मी ने कहा कि 2030 तक एसडीजी लक्ष्यों को प्राप्त करने में हर विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन सूचकों में सकारात्मक प्रगति और विकास दिखाई दे रहा है, उनसे संबंधित विभाग सफलता की कहानियाँ तैयार करके प्रदान करें, ताकि उन्हें नीति एवं कार्यक्रम के साथ समन्वित किया जा सके। उन्होंने बिहार में घरेलू मछली पालन के क्षेत्र की बेहतर राष्ट्रीय स्थिति का उल्लेख करते हुए एसडीजी-14 (जल जीवन की रक्षा) से संबंधित उपयुक्त सूचकों को भी राज्य सूचकांक ढाँचे में शामिल करने के संभावनाओं पर विचार करने का सुझाव दिया। कार्यशाला के तकनीकी सत्रों में विभिन्न विभागों के सूचकों की उपयोगिता, मापन के संभावनाएँ और आँकड़ों की उपलब्धता की समीक्षा की गई।

इस दौरान आवश्यकता के अनुसार नए सूचकों को शामिल करने, मौजूदा सूचकों में संशोधन और अनावश्यक सूचकों को हटाने से संबंधित सुझाव भी प्राप्त किए गए।

बिहार की और ख़बरें

सभी देखें