सामग्री पर जाएँ
AWAZ E BIHAR
राष्ट्रीय

मणिपुर में जहरीली शराब पीने से कम से कम 11 लोग मारे गए, 150 से अधिक अस्पताल में भर्ती

Awaz E Bihar2 मिनट में पढ़ें

मणिपुर के चंदिल जिले में जहरीली शराब पीने से कम से कम 11 लोग मारे गए और 150 से अधिक लोग बीमार हो गए। मुख्यमंत्री ने अस्पतालों का दौरा करके मरीजों की खैरियत पूछी

गुवाहाटी: मणिपुर के चंदिल जिले में जहरीली शराब पीने से पिछले तीन दिनों के दौरान कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 150 से अधिक लोगों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, चकपिकारोंग सब-डिवीजन और उसके आसपास के क्षेत्रों में जहरीली शराब पीने से जुड़े कई संदिग्ध मामले सामने आए हैं। इसके बाद बीमार पड़ने वाले कई लोगों को इलाज के लिए इम्फाल के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

इस मामले के संबंध में जिले के एक अधिकारी ने बीबीसी हिंदी को बताया कि 18 नवंबर को क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से कई मौतों की खबरें सामने आई थीं। इसके बाद मौतों का सिलसिला जारी रहा। चंदिल के सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसपी) द्वारा जारी एक सरकारी बयान में शुरूआत में 8 लोगों की मौत की पुष्टि की गई थी, हालांकि बाद में मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर कम से कम 11 हो गई।

इस बीच, चंदिल के डिप्टी कमिश्नर द्वारा जारी एक सलाह में लोगों को सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। सलाह में कहा गया है, ''चकपिकारोंग सब-डिवीजन और उसके आसपास के क्षेत्रों में नकली शराब के सेवन से होने वाली मौतों की हालिया खबरों को देखते हुए आम लोगों को अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।''

जिला प्रशासन का कहना है कि इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच का उद्देश्य मौतों की असली वजह पता लगाने के साथ-साथ उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करना भी है जो क्षेत्र में शराब की आपूर्ति कर रहे थे।

इस दौरान मणिपुर के मुख्यमंत्री यमनाम खेम चंद सिंह ने गुरुवार को इम्फाल पश्चिम के शजा अस्पताल और रिसर्च इंस्टीट्यूट और इम्फाल पूर्व के बाबिना अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने वहां इलाज करा रहे मरीजों की खैरियत पूछी और उनकी सेहत से जुड़ी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने मरीजों को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार की ओर से उन्हें इलाज के लिए आवश्यक सभी मदद प्रदान की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हिदायत दी कि इस मामले में शामिल लोगों की पहचान के लिए विस्तृत जांच की जाए।

खेम चंद सिंह ने कहा कि इस मामले के ज़िम्मेदार लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मामले के बाद जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को नकली शराब के सेवन से सावधान रहने की हिदायत दी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के जरिए मौतों की असली वजह और इस मामले में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।


राष्ट्रीय की और ख़बरें

सभी देखें