बांग्लादेश में फोरेंसिक जांच के लिए कब्र का खोदा जाना
Awaz E Bihar••1 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
बांग्लादेश की यूनुस सरकार ने संयुक्त राष्ट्र की मदद से बड़ी संख्या में कब्रों की खुदाई की प्रक्रिया शुरू की है, इस प्रक्रिया की शुरुआत ढाका के रायर बाजार कब्रिस्तान से की गई है। विदेशी मीडिया के अनुसार स्थानीय प्रशासन का कहना है कि कब्रों की खुदाई के बाद इसके अंदर मौजूद हड्डियों की फोरेंसिक रिपोर्ट तैयार की जाएगी। रिपोर्टों के अनुसार इस रिपोर्ट को बाद में सरकार को सौंपा जाएगा, अगर सरकार जिस उद्देश्य के तहत कब्रों की खुदाई कर रही है, वह उद्देश्य हासिल करने में सफल हो जाती है तो आने वाले दिनों में शेख हसीना के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी हो जाएगी। एएफपी के अनुसार बांग्लादेश में फोरेंसिक रिपोर्ट तैयार करने के लिए अर्जेंटीना के फोरेंसिक विशेषज्ञ लुइस फोंडीबराईडर का मशविरा लिया जा रहा है। लुइस कई देशों में इस तरह का काम पहले भी कर चुके हैं। स्थानीय मीडिया का कहना है कि ढाका स्थित कब्रों की खुदाई के लिए 4 मेडिकल कॉलेजों के फोरेंसिक विशेषज्ञ टीम की अलग-अलग तैनाती की गई है। लुइस इन चारों ही टीमों को मॉनिटर कर रहे हैं। लुइस को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार निकाय 'ओएचसीएचआर' के साथ एक समझौते के तहत मदद प्रदान करने के लिए लाया गया है। पत्रकारों से बात करते हुए फोंडीबराईडर ने बताया कि यह प्रक्रिया जटिल है और अनोखी भी। आसानी से हम लाशों की पहचान नहीं कर पाएंगे। हड्डियां पूरी तरह से गल गई होंगी। फिर भी हम कोशिश करेंगे कि लोगों की पहचान हो जाए। इसमें अभी समय लग सकता है। सरकार के अनुसार निकाली गई लाशों को धार्मिक रस्मों और उनके परिवार की इच्छा के अनुसार फिर से दफना दिया जाएगा, सरकार ने कब्रों की खुदाई में भी अंतरराष्ट्रीय सिद्धांतों पर अमल करने की बात कही है। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के अनुसार शेख हसीना की सरकार के दौरान सैकड़ों लोगों को चुपचाप मारकर सामूहिक कब्रों में दफना दिया गया था। बांग्लादेश सरकार के अनुसार शेख हसीना के शासनकाल में पुलिस और सेना ने 1400 लोगों की हत्या की थी। 2008 से 2024 तक बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रहीं शेख हसीना पर हत्या मामलों के लिए मुकदमा भी चलाया जा रहा है।