कैलिफोर्निया में तूफान, भारी बारिश, कई क्षेत्र बाढ़ से घिरे
Awaz E Bihar••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
सैक्रामेंटो: कैलिफोर्निया ने बुधवार को एक शक्तिशाली तूफान का सामना किया, जिसमें तेज हवाएं चलने लगीं और कुछ ही देर बाद बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते नदियां उफनने लगीं और कई इलाके बाढ़ से प्रभावित हो गए। सड़कों पर मलबा बहने लगा और कुछ स्थानों पर बाढ़ में फंसे लोगों को बचाया गया। मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिणी कैलिफोर्निया में वर्षों बाद क्रिसमस पर सबसे अधिक बारिश हो सकती है।
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने अचानक बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। जनवरी में जंगल की आग से प्रभावित कुछ क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है। लॉस एंजिल्स काउंटी के अधिकारियों ने कहा कि कमजोर घरों में रहने वाले लगभग 380 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।
लॉस एंजिल्स फायर ब्रिगेड ने बुधवार की सुबह बताया कि फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने उत्तर-पश्चिम में एक ड्रेनेज टनल में फंसे एक व्यक्ति को बचा लिया। कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूजोम ने बुधवार को लॉस एंजिल्स, ऑरेंज, रिवरसाइड, सैन बर्नार्डिनो, सैन डिएगो और शास्ता काउंटियों में आपातकाल की घोषणा की। नेशनल वेदर सर्विस ने मंगलवार की देर शाम तूफान की चेतावनी जारी की थी।
लॉस एंजिल्स के अधिकारियों के अनुसार, तूफान के दौरान पेड़ और बिजली के तार टूटकर गिर गए, जिससे कई महत्वपूर्ण सड़कें बंद हो गईं। नेशनल वेदर सर्विस के मौसम विशेषज्ञ माइक वोफोर्ड ने कहा कि दक्षिणी कैलिफोर्निया में आमतौर पर वर्ष के इस समय आधा इंच से एक इंच बारिश होती है, लेकिन इस सप्ताह कई क्षेत्रों में 4 से 8 इंच बारिश हो सकती है। लॉस एंजिल्स पुलिस ने लोगों से कमजोर और खस्ताहाल घरों में नहीं रहने की अपील की है।