
गुजरात जाइंट्स ने यूपी वॉरियर्स को 10 रन से हराया
कप्तान एश्ले गार्डनर (65 रन/एक विकेट), अनुष्का शर्मा (44 रन) और सोफी डिवाइन (38 रन) की शानदार बल्लेबाजी के बाद गुजरात जायंट्स महिला ने गेंदबाजों के मजबूत प्रदर्शन के दम पर हफ्ते के दिन महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के दूसरे मैच में यूपी वॉरियर्स महिला को 10 रन से हरा दिया।
208 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उतरी यूपी वॉरियर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने पहले ही ओवर में कर्ण नौगिरे (1 रन) का विकेट गंवा दिया, जिन्हें रेणुका सिंह ने बोल्ड किया। इसके बाद कप्तान मेग लैनिंग और फेबी लिचफील्ड ने दूसरे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी की। नौवें ओवर में जॉर्जिया वेयरहम ने लैनिंग (30 रन) और हरलीन देवोल को बिना खाता खोले पवेलियन वापस भेज दिया। अगले ही ओवर में रेणुका सिंह ने दीप्ति शर्मा (1 रन) को अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर गुजरात जायंट्स को चौथी सफलता दिलाई। पांचवें विकेट के रूप में श्वेता सहरावत 17 गेंदों पर 25 रन बनाकर आउट हुईं। 16वें ओवर में सोफी डिवाइन ने फेबी लिचफील्ड को आउट कर गुजरात जायंट्स को छठी सफलता दिलाई। फेबी लिचफील्ड ने 40 गेंदों पर आठ चौके और पांच छक्के लगाते हुए 78 रन की शानदार पारी खेली। 18वें ओवर में एश्ले गार्डनर ने डियनंद्रा डॉटिन (12 रन) को आउट किया, जबकि सोफी एक्लेस्टोन (11 रन) आठवें विकेट के रूप में आउट हुईं। यूपी वॉरियर्स महिला टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 197 रन ही बना सकी और मैच 10 रन से हार गई। स्नेह राणा ने 10 गेंदों पर नाबाद 27 रन बनाए।
गुजरात जायंट्स की ओर से रेणुका सिंह, सोफी डिवाइन और जॉर्जिया वेयरहम ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि एश्ले गार्डनर और राजेश्वरी गायकवाड़ ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले यूपी वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी के लिए उतरी गुजरात जायंट्स महिला की ओर से बेथ मूनी और सोफी डिवाइन की ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। सोफी एक्लेस्टोन ने बेथ मूनी (13 रन) को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद अनुष्का शर्मा और कप्तान एश्ले गार्डनर ने तीसरे विकेट के लिए 103 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी। 17वें ओवर में डियनंद्रा डॉटिन ने अनुष्का शर्मा (30 गेंदों पर 44 रन) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। गुजरात जायंट्स का चौथा विकेट 18वें ओवर में एश्ले गार्डनर के रूप में गिरा, जिन्हें सोफी एक्लेस्टोन ने बोल्ड किया।
एश्ले गार्डनर ने 41 गेंदों पर छह चौके और तीन छक्के लगाते हुए 65 रन की पारी खेली। गुजरात जायंट्स महिला ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 207 रन बनाए। जॉर्जिया वेयरहम 10 गेंदों पर 27 रन और भारती फूल माली सात गेंदों पर 14 रन बनाकर नाबाद रहीं।
यूपी वॉरियर्स की ओर से सोफी एक्लेस्टोन ने दो विकेट हासिल किए, जबकि डियनंद्रा डॉटिन और शिखा पांडे ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।



