सामग्री पर जाएँ
खेल

सुनील गावस्कर ने सूर्य कुमार की शानदार पारी की प्रशंसा की

Awaze Bihar2 मिनट पढ़ें

भारत के पूर्व कप्तान और जियो स्टार एक्सपर्ट सुनील गावस्कर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में भारत की जीत में कप्तान सूर्य कुमार यादव की शानदार पारी की जमकर तारीफ की। उन्होंने ईशान किशन के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी के दौरान सूर्य कुमार की मैच समझ, परिस्थितियों के अनुसार खेलने की क्षमता और परिपक्वता को उजागर किया। क्रिकेट लाइव पर बात करते हुए गावस्कर ने बताया कि कैसे सूर्य कुमार ने अपनी पारी के शुरुआती हिस्से को अपनी लय में आने के लिए उपयोग किया जब दूसरे छोर से ईशान किशन आक्रामक तरीके से बल्लेबाजी कर रहे थे। गावस्कर ने कहा, ''सूर्य की पारी से साफ पता चलता है कि उन्हें परिस्थितियों का पूरा अंदाजा था। वह 11 गेंदों पर 11 रन बनाकर खेल रहे थे। 97 रनों की साझेदारी में से 76 रन ईशान किशन ने बनाए थे। यह एक कप्तान की परिपक्वता को भी दर्शाता है।''
उन्होंने कहा कि जब ईशान किशन पूरी लय में थे तो सूर्य कुमार ने स्ट्राइक रोटेट करने और खुद को सेटल करने पर ध्यान दिया। गावस्कर के अनुसार, ''जब दूसरा बल्लेबाज इतनी शानदार बल्लेबाजी कर रहा हो तो आप उसे ज्यादा स्ट्राइक देते हैं, खुद सिंगल और डबल लेकर अपनी टाइमिंग बेहतर करते हैं, पैरों में गति लाते हैं और खुद को बड़े शॉट्स के लिए तैयार करते हैं।''
गावस्कर ने आगे बताया कि ईशान किशन के आउट होने के बाद सूर्य कुमार ने पारी की बागडोर संभाली, जो उनके शॉट चयन की महत्ता को दर्शाता है। उन्होंने कहा, ''ईशान किशन के आउट होने के बाद सूर्य ही थे जिन्होंने पहल की और शॉट्स खेलना शुरू किए। ऑफ साइड की ओर ड्राइव्स एक बड़ा प्लस पॉइंट था क्योंकि इससे पता चलता है कि वह ज्यादा से ज्यादा सीधा खेलने की कोशिश कर रहे थे।''
पूर्व ओपनर ने सूर्य कुमार की नाबाद 50 से अधिक रनों की पारी को 'एक शानदार पारी' करार दिया और इसे टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम के लिए एक बड़ा बूस्ट बताया। गावस्कर ने ईशान किशन और सूर्य कुमार के बीच आपसी समझ पर भी जोर दिया जो आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए एक साथ खेलने के दौरान बनी थी।
उन्होंने कहा, जब आप किसी फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हुए पूरे भारत में दो महीने से अधिक समय तक यात्रा करते हैं तो आप एक दूसरे के साथ एक विशेष रिश्ता स्थापित कर लेते हैं। टीम के माहौल की प्रशंसा करते हुए गावस्कर ने कहा, ''टीम में सामूहिक भावना देखकर बहुत अच्छा लगा क्योंकि मुश्किल परिस्थितियों में आपको इसी टीम भावना की जरूरत होती है।''

अन्य भाषा में: English · اردو

साझा करें:

संबंधित समाचार