
आज रात आसमान में नजर आएगा 2025 का आखिरी ’कोल्ड सुपर मून‘
दिसंबर का महीना वैसे भी ठंड, धुंध और खूबसूरत रातों के लिए जाना जाता है। लेकिन इस बार साल के अंत में आसमान एक खूबसूरत नजारा पेश करने वाला है। आज का 'सुपर मून' 2025 का आखिरी सुपर मून होगा, जिसे विशेषज्ञ 'कोल्ड सुपर मून' भी कहते हैं। खगोल विज्ञान की विशेषज्ञ सारिका घारो के अनुसार आज चंद्रमा पृथ्वी के बहुत करीब आएगा, लगभग 3 लाख 57 हजार 218 किलोमीटर की दूरी पर। यही वजह है कि यह आम दिनों से बड़ा और ज्यादा चमकदार नजर आएगा।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि इसे देखने के लिए आपको कोई टेलीस्कोप या विशेष एडवांस गियर की जरूरत नहीं पड़ेगी। शहर की रोशनी से दूर जाएं तो चंद्रमा की चमक और सुंदरता दोगुनी नजर आएगी। चंद्रमा रात भर आसमान में रहेगा, इसलिए इसे देखने का भरपूर मौका मिलेगा। चंद्रमा उदय होते समय 'मून इल्यूजन' की वजह से और भी बड़ा नजर आएगा, यानी आपकी आंखें खुद कहेंगी कि 'वाह यह तो बहुत करीब लग रहा है!'
भारत में आज सूर्यास्त के बाद ही चंद्रमा आसमान में चमकने लगेगा। आप पूरी रात इस सुपर मून को देख पाएंगे। जहां मौसम साफ रहे वहां इसकी चमक स्पष्ट रूप से नजर आएगी। लेकिन बारिश, धुंध या ज्यादा कोहरे वाले क्षेत्रों में विजिबिलिटी थोड़ी कम हो सकती है। यह सुपर मून दुनिया के कई देशों लंदन, एडिनबर्ग, बेलफास्ट और कार्डिफ में भी नजर आएगा।
स्पष्ट रहे कि दिसंबर की ठंड में नजर आने वाला यह सुपर मून लगभग 99.5 प्रतिशत चमक के साथ नजर आता है। इस महीने में रातें लंबी होती हैं और अंधेरा ज्यादा, इसलिए इसे 'लॉन्ग नाइट मून' भी कहा जाता है। यह चंद्रमा पूरी चमक के साथ आसमान में ऐसे चमकता है जैसे किसी ने रात को चांदी से भर दिया हो।



