कमिंस की वापसी के बावजूद ईशान किशन को ही हैदराबाद का कप्तान रहना चाहिए: संजय बांगर
Awaz E Bihar••13 व्यूज़•3 मिनट पढ़ें
सनराइजर्स हैदराबाद ने टाटा आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स पर 47 रनों की शानदार जीत दर्ज की और पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई। जियो हाट स्टार के प्रोग्राम 'गूगल सर्च एआई मैच सेंटर लाइव' और स्टार स्पोर्ट्स के 'अमूल क्रिकेट लाइव' पर बातचीत करते हुए जियो स्टार के विशेषज्ञ हरभजन सिंह, संजय बांगर और आदित्य तारे ने ईशान किशन की कप्तानी की जमकर तारीफ की और मुंबई इंडियंस के खिलाफ एमएस धोनी की संभावित वापसी पर चर्चा की।
संजय बांगर ने ईशान किशन की नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा करते हुए कहा, "एक लीडर के रूप में ईशान किशन अपनी गेंदबाजी में बदलावों के संदर्भ में रणनीति के रूप में बहुत बेहतर साबित हो रहे हैं। वे समझते हैं कि किस बल्लेबाज के खिलाफ किस गेंदबाज का उपयोग करना है। यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि वे मैच को कितनी अच्छी तरह नियंत्रित करते हैं। वे मैदान पर घबराए हुए नहीं दिखते हैं और सही निर्णय लेते हैं। डीसी के खिलाफ जिस तरह उन्होंने अपने स्पिनरों का उपयोग किया वह प्रशंसनीय था। कुल मिलाकर मेरा मानना है कि अगर पैट कमिंस वापस भी आ जाते हैं, तो भी एसआरएच की कप्तानी ईशान किशन को ही करनी चाहिए। अक्सर ऐसा होता है कि एक भारतीय कप्तान होने से टीम में स्थिरता आती है। आप यह जरूरी नहीं कह सकते कि पैट कमिंस जैसे गेंदबाज आईपीएल के बाकी मैचों में कितने फिट रहेंगे, खासकर उन छोटी-मोटी चोटों को देखते हुए जिनसे वे जूझ रहे हैं। ईशान की कप्तानी जारी रखने से खिलाड़ियों को एकरूपता मिलती है, हैदराबाद के लिए यही सबसे अच्छा रास्ता होगा।"
आदित्य तारे ने हेनरिक क्लासेन के प्रभाव और एसआरएच के बैटिंग ऑर्डर की ताकत की प्रशंसा करते हुए कहा, "हेनरिक क्लासेन ने एक बार फिर से बल्ले से कमाल दिखाया। इस सीजन की लगभग सभी पारियों में उन्होंने 30 से अधिक रन बनाए हैं। दिल्ली के खिलाफ उन्हें ज्यादा ओवर नहीं मिले, लेकिन फिर भी 13 गेंदों पर 37 रन बनाकर और अंत तक नॉट आउट रहकर उन्होंने जो प्रभाव छोड़ा वह लाजवाब है। अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन का बैटिंग यूनिट इस लीग के सबसे अच्छे यूनिट्स में से एक है, क्योंकि जब वे हिटिंग शुरू करते हैं तो गेंदबाजों को कुछ समझ नहीं आता।"
मुंबई इंडियंस के खिलाफ सीएसके के मैच से पहले नेट प्रैक्टिस के दौरान एमएस धोनी की विकेटकीपिंग पर बात करते हुए उन्होंने कहा, "मैं प्रैक्टिस सेशन देख रहा था और जिस बात ने मुझे सबसे ज्यादा हैरान किया वह मही भाई का विकेटकीपिंग करना था। मैंने इससे पहले कभी भी किसी भी नेट सेशन में उन्हें विकेटकीपिंग के दस्ताने पहने हुए नहीं देखा था। वे आमतौर पर सिर्फ बल्लेबाजी या गेंदबाजी ही करते हैं। लेकिन इस बार उन्होंने हेलमेट, पैड्स और ग्लव्स पहन रखे थे। शायद वे अपनी पिंडली की चोट के बाद अपनी मैच फिटनेस को परख रहे थे। यह एक अच्छा संकेत है और अगर वे मुंबई इंडियंस के खिलाफ वापसी करते हैं तो यह वास्तव में बहुत खास होगा।"