जकार्ता पहुंचे मोदी, राष्ट्रपति जोको विडोडो ने किया हवाई अड्डे पर स्वागत
Awaz E Bihar••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों के दौरे के पहले चरण में सोमवार की शाम इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचे, जहां खुद राष्ट्रपति जोको विडोडो ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी के विमान के इंडोनेशिया के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते ही इंडोनेशियाई वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने उन्हें जकार्ता हवाई अड्डे तक सुरक्षा प्रदान की। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि वे राष्ट्रपति विडोडो के स्वागत के उत्साह से अभिभूत हैं और उनके साथ द्विपक्षीय वार्ता के लिए उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री ने लिखा, "जकार्ता पहुंचा। हवाई अड्डे पर मेरा स्वागत करने के लिए राष्ट्रपति जोको विडोडो के आतिथ्य के उत्साह से मैं अभिभूत हूं। वर्ष 2018 में हमने अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाया, जिससे हमारे लोगों को लाभ हुआ है। इस दौरे के दौरान, राष्ट्रपति जोको विडोडो और मैं विभिन्न क्षेत्रों में इस साझेदारी को और गति देने के उद्देश्य से विचार-विमर्श करेंगे। राष्ट्रपति विडोडो और मैं योग्याकार्ता में प्रमबनन मंदिर परिसर का दौरा करेंगे। इससे हमारे देशों के बीच घनिष्ठ सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती मिलेगी। इंडोनेशिया में प्रवास के दौरान, मैं भारतीय समुदाय के साथ बातचीत करने के लिए भी उत्सुक हूं।" विदेश मंत्रालय ने बताया कि श्री मोदी का स्वागत करने के लिए राष्ट्रपति विडोडो के साथ उनके चार मंत्री भी आए थे। वर्ष 2018 में दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने के बाद से यह प्रधानमंत्री का इंडोनेशिया का पहला द्विपक्षीय दौरा है। भारतीय समुदाय के लोगों ने भी प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। श्री मोदी आज सुबह तीन देशों इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के छह दिवसीय दौरे पर रवाना हुए हैं।