अमेरिका के रक्षा कवच बनने वाले देश युद्ध के खतरे में आ सकते हैं: ईरान
Awaz E Bihar••10 व्यूज़•4 मिनट पढ़ें
तेहरान, एक अगस्त (यूएनआई) ईरान ने क्षेत्रीय देशों से अमेरिका के साथ सहयोग पर पुनर्विचार करने का आग्रह करते हुए कहा कि रक्षात्मक ढाल बनाने वाले देश युद्ध के खतरे में आ सकते हैं। ईरानी मीडिया के अनुसार, केंद्रीय सैन्य कमान खातम अल-आनबिया हेडक्वार्टर के कमांडर मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने क्षेत्रीय देशों को सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि वे अमेरिका के साथ अपने सहयोग पर पुनर्विचार करें। मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही का कहना है कि अमेरिका ईरान के खिलाफ अपनी कार्रवाइयों के लिए क्षेत्रीय देशों के संसाधनों का उपयोग अपनी रक्षात्मक ढाल के रूप में करना चाहता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जो भी देश अमेरिका की रक्षात्मक ढाल बनेगा, वह युद्ध की आग के खतरे में आ सकता है, क्योंकि अमेरिकी कदम क्षेत्र को एक व्यापक और खतरनाक युद्ध की ओर धकेल रहे हैं। हेडक्वार्टर में जारी अपने बयान में, उन्होंने आगे आरोप लगाया कि वाशिंगटन मध्य पूर्व पर अपना अवैध नियंत्रण बढ़ाने की रणनीति के तहत तेजी से एक व्यापक क्षेत्रीय युद्ध की ओर बढ़ रहा है। अमेरिकी प्रसारण संस्था सीबीएस ने दावा किया है कि अमेरिका और इज़राइल ईरान में ऊर्जा से संबंधित लक्ष्यों पर भारी बमबारी की तैयारी कर रहे हैं। सीबीएस के अनुसार, कई सूत्रों ने बताया है कि अमेरिका और इज़राइल ईरान में ऊर्जा के मूलभूत ढांचे पर अब तक की सबसे कठोर बमबारी की कार्रवाई की योजना बना रहे हैं, और सप्ताह के अंत तक किसी भी समय हमले किए जा सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर बमबारी के संभावित प्रभावों को देखते हुए, यह बात विचाराधीन है कि हमले सप्ताहांत में वित्तीय बाजारों के खुलने से पहले समाप्त किए जाएं, हालांकि हमलों को समाप्त करने का अंतिम समय तय नहीं किया गया है। हमलों में बिजली संयंत्रों, तेल रिफाइनरियों सहित ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बनाया जा सकता है। कई अमेरिकी सूत्रों के अनुसार, इज़राइली अधिकारियों को इस योजना से अवगत करा दिया गया है और वे अमेरिका के साथ संपर्क में हैं। सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रपति ने अभी तक हमलों के लिए अंतिम 'गो' का आदेश नहीं दिया है। संयुक्त कार्रवाई का अर्थ यह होगा कि इज़राइल फिर से सैन्य कार्रवाई में शामिल हो जाएगा, एक इज़राइली अधिकारी ने सीबीएस न्यूज़ को बताया 'इज़राइल को पूर्ण सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू करने के किसी फैसले की जानकारी नहीं है, और न ही इज़राइल से ईरान के खिलाफ किसी सैन्य कार्रवाई में शामिल होने का अनुरोध किया गया है।' सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को कैंप डेविड में राष्ट्रपति ट्रम्प की कैबिनेट बैठक के दौरान सैन्य हमले की योजना पर चर्चा हुई, व्हाइट हाउस के कुछ सहायक, जो राजनीतिक मामलों पर ध्यान केंद्रित करते हैं, इस योजना के कड़े विरोधी थे। पत्रकारों की उपस्थिति में डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा 'हम उन पर बहुत कड़ा हमला करेंगे, यहां तक कि वे पुकार उठें कि हम अब और अधिक सहन नहीं कर सकते।' उन्होंने कहा हम केवल जीतना चाहते हैं। वॉल स्ट्रीट जनरल ने भी रिपोर्ट किया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के खिलाफ नए हमलों के निर्देश जारी किए हैं, और ईरान पर नए हमले संभावित रूप से इस सप्ताह के अंत में शुरू हो सकते हैं, ट्रम्प ने चेतावनी दी है कि ईरान वार्ता की मेज पर नहीं आया तो गंभीर सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। ईरान ने भी जवाब में इज़राइल और अमेरिकी ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बनाने की तैयारी का दावा किया है, एक ईरानी सैन्य अधिकारी ने बयान में कहा कि अमेरिका या इज़राइल ने हमला किया तो तुरंत जवाबी कार्रवाई करेंगे, और लक्ष्य इज़राइल की महत्वपूर्ण सुविधाएं और क्षेत्र में अमेरिकी ऊर्जा केंद्र हैं। उधर, यूएन सचिवालय के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने चेतावनी दी है कि अमेरिका-ईरान युद्ध से वैश्विक अस्थिरता में वृद्धि हो रही है, युद्ध के परिणाम विनाशकारी साबित हो सकते हैं, ईरान संघर्ष ने ऊर्जा बाजारों को प्रभावित किया है, खाद्य, उर्वरक की कीमतों में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा ईरान युद्ध से वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर दबाव बढ़ गया है, वैश्विक समुदाय को तनाव में कमी, शांति स्थापना के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए।