
देश के भविष्य का नया सूरज पूर्वोत्तर से ही उदय होगा: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुवाहाटी हवाई अड्डे की नई टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन किया और कहा कि देश के भविष्य का नया सूरज पूर्वोत्तर से उदय होगा, जिसका नेतृत्व असम करेगा।
श्री मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र को जानबूझकर विकास से दूर रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने असम में घुसपैठियों को खुली छूट दी थी। गोपीनाथ बोरदोलोई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की दूसरी टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन विकास के उत्सव का दिन है। आधुनिक हवाई अड्डे की सुविधा और संपर्क के नए साधन किसी भी राज्य के लिए नए अवसरों का गौरव होते हैं।
उन्होंने कांग्रेस और 'इंडिया' गठबंधन पर घुसपैठियों के पक्ष में बयानबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग जब मतदाता सूचियों की विशेष विस्तृत समीक्षा (एसआईआर) कर रहा है तो कांग्रेस को परेशानी हो रही है। प्रधानमंत्री ने असम के लोगों से अपील करते हुए कहा कि हमें कांग्रेस से सावधान रहने की आवश्यकता है और असम की पहचान की रक्षा करनी है। गोपीनाथ बोरदोलोई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की नई टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा से संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि आज फिर से असम के विकास में एक नया अध्याय जुड़ रहा है। जैसे राज्य में ब्रह्मपुत्र नदी की धारा कभी नहीं रुकती, उसी तरह भाजपा की विकास की धारा भी निरंतर बह रही है। उन्होंने कहा, भारत के भविष्य का नया सूरज पूर्वोत्तर से ही उदय होना है। हमें असम के विकास को सबसे आगे रखकर चलना होगा। विकसित असम से ही विकसित भारत का मार्ग बनाना है।
उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र को जानबूझकर विकास से दूर रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस क्षेत्र का विकास उनके एजेंडे में ही नहीं था। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने छह-सात दशकों तक जो गलतियां की, मोदी एक-एक कर उन्हें सुधार रहे हैं। मोदी के लिए असम का विकास जरूरत भी है और जिम्मेदारी भी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने असम और पूर्वोत्तर को विकास से दूर रखा, जिसका नुकसान देश की एकता और अखंडता को उठाना पड़ा। श्री मोदी ने कहा कि विभाजन के समय कांग्रेस ने असम को पूर्वी बंगाल (वर्तमान बांग्लादेश) में मिलाने की साजिश रची थी। राज्य के पहले मुख्यमंत्री गोपीनाथ बोरदोलोई ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ लड़ाई लड़ी और असम को भारत का हिस्सा बनाए रखा। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने स्वतंत्रता के बाद धर्म के आधार पर लोगों को खुश करने के लिए घुसपैठियों को खुली छूट दी। घुसपैठियों ने जंगलों और जमीनों पर कब्जा किया। राज्य की वर्तमान सरकार अब इन अवैध कब्जों को समाप्त कर रही है।
उन्होंने चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूचियों की विशेष विस्तृत समीक्षा (एसआईआर) पर कांग्रेस की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि विपक्षी दल और 'इंडिया' गठबंधन के अन्य सदस्य घुसपैठियों के पक्ष में बयानबाजी कर रहे हैं। जब चुनाव आयोग एसआईआर की प्रक्रिया कर रहा है तो कांग्रेस को परेशानी हो रही है।
उन्होंने असम के लोगों से अपील की कि हमें बहुत सावधान रहना है और असम की पहचान की रक्षा करनी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि नई टर्मिनल बिल्डिंग से गुवाहाटी और असम की क्षमता बढ़ जाएगी, यहां अधिक लोग आ सकेंगे और मां कामाख्या के दर्शन की सुविधा आसान हो जाएगी। एक लाख 40 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली इस टर्मिनल बिल्डिंग से हवाई अड्डे की वार्षिक क्षमता 34 लाख यात्रियों से बढ़कर 131 लाख यात्रियों तक पहुंच जाएगी। वर्तमान में यहां हर साल 65 लाख यात्रियों की आवाजाही होती है और यह देश का 10वां सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है। नई बिल्डिंग में असम की संस्कृति को ध्यान में रखते हुए बांस का भरपूर उपयोग किया गया है और अंदरूनी हिस्से में काजीरंगा को दिखाने वाला एक इनडोर फॉरेस्ट भी बनाया गया है।
नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि यह केवल एक बिल्डिंग नहीं है, बल्कि असम की आशाओं और पूर्वोत्तर की संभावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 2014 में देश में 74 हवाई अड्डे थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 165 हो गई है। इस अवसर पर असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और अन्य मंत्री भी मौजूद थे।
संबंधित समाचार

राम मंदिर चंदे चोरी मामला: जे. राम रमेश ने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग की, बीजेपी पर प्रभावशाली लोगों को बचाने का आरोप

वर्तमान वैश्विक अनिश्चितता के बावजूद भारत दृढ़ता से आगे बढ़ रहा है: मोदी

