पक्की सड़कों के निर्माण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में तेजी
Awaz E Bihar••5 व्यूज़•3 मिनट पढ़ें
पटना, 31 मार्च (एबीएन) ग्रामीण क्षेत्रों में पक्की और हर मौसम में उपयोग करने योग्य सड़कों के व्यापक निर्माण ने न केवल आवागमन को आसान बनाया है, बल्कि यह परिवर्तन अब ग्रामीण अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा देने का मजबूत साधन बन गया है। एक समय था जब गांव कच्ची और खस्ताहाल सड़कों की वजह से पहचाने जाते थे, लेकिन आज मजबूत सड़क संपर्कों के कारण आर्थिक गतिविधियों, रोजगार के अवसरों और नवाचार की क्षमताओं में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है।
ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा तैयार की गई मजबूत सड़क संपर्क ने ग्रामीण क्षेत्रों को शहरी बाजारों, सेवाओं और संसाधनों से सीधे जोड़ दिया है। इसका परिणाम यह है कि अब गांव में भी आधुनिक सुविधाओं का दायरा बढ़ रहा है। राज्य के लगभग सभी दूर-दराज के टोल्स और बस्तियों तक परिवहन की सुविधाएं पहुंच चुकी हैं, जिससे गांव वालों को अपने घरों के निकट ही आसान यात्रा की सुविधा प्राप्त हो रही है। यह परिवर्तन इस बात को दर्शाता है कि बेहतर सड़क संपर्क केवल आवागमन का साधन नहीं बल्कि आर्थिक गतिविधियों को तेज करने का आधार भी है।
सड़क संपर्क में सुधार का सबसे सकारात्मक प्रभाव कृषि क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। अब किसानों को अपनी फसल मंडी तक पहुंचाने में पहले की तुलना में कम समय और कम खर्च लगता है। माल ढुलाई वाले वाहनों की सीधी पहुंच खेतों और गांव तक संभव होने से कृषि उत्पादन की डिलीवरी अधिक आसान हो गई है। इससे न केवल किसानों की आय में वृद्धि हो रही है, बल्कि उनके लिए नए बाजारों के अवसर भी खुल रहे हैं। इसके अलावा बेहतर सड़क संपर्क के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है।
अब युवा स्थानीय स्तर पर डेयरी, पोल्ट्री, फूड प्रोसेसिंग और अन्य छोटे उद्योगों की स्थापना कर रहे हैं। गांव तक बेहतर संपर्क होने के कारण कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार उत्पादों के विपणन में अब किसी प्रकार की बाधा नहीं रह गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच भी मजबूत सड़कों के कारण बेहतर हुई है। अब एम्बुलेंस सेवाएं समय पर गांव तक पहुंच रही हैं, जिससे आपातकालीन स्थितियों में कीमती जानें बचाना संभव हो रहा है। इसके साथ ही ई-कॉमर्स और अन्य आधुनिक सुविधाओं का दायरा भी ग्रामीण क्षेत्रों तक फैल रहा है, जो ग्रामीण जीवन को और अधिक आसान और सरल बना रहा है।
ग्रामीण कार्य विभाग का हर बस्ती तक हर मौसम में उपयोग करने योग्य सड़कें पहुंचाने का संकल्प अब व्यावहारिक रूप लेता दिखाई दे रहा है। मजबूत सड़क बुनियादी ढांचे के माध्यम से बिहार के गांव तेजी से आर्थिक और सामाजिक विकास की राह पर आगे बढ़ रहे हैं, जिससे एक मजबूत और आत्मनिर्भर बिहार का निर्माण संभव हो रहा है।