राशिद ने छह विकेट लिए, अफगानिस्तान ने आयरलैंड को हराकर श्रृंखला में बढ़त हासिल कर ली
Awaz E Bihar••24 व्यूज़•3 मिनट पढ़ें
इब्राहिम जादरान के 84 रन और राशिद खान की शानदार गेंदबाजी की बदौलत अफगानिस्तान ने बारिश से प्रभावित दूसरे एकदिवसीय मैच में आयरलैंड को 92 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में बढ़त हासिल कर ली। ब्रेडी क्रिकेट क्लब में शुक्रवार को खेले गए मैच में खराब मौसम के कारण मैच देर से शुरू हुआ और इसे 47 ओवर प्रति टीम तक सीमित कर दिया गया। आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। अफगानिस्तान ने इब्राहिम जादरान की अगुआई में आठ विकेट पर 299 रन बनाए। अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी रही। रहमानुल्लाह गुरबाज के आउट होने के बाद सेदिकुल्लाह अतल और इब्राहिम जादरान ने पारी को संभाला और दोनों के बीच 116 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। अतल के आउट होने के बाद इब्राहिम ने आक्रामक तरीका अपनाया और 52 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। कप्तान इब्राहिम 84 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रहमत शाह ने 43 रन की साझेदारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में हशमतुल्लाह शाहिदी ने केवल 21 गेंदों पर 36 रन की तेज पारी खेलकर अफगानिस्तान को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। 300 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड ने पॉल स्टर्लिंग की जल्द विकेट गंवाने के बावजूद अच्छी शुरुआत की और पावर प्ले में अफगानिस्तान के स्कोर की बराबरी की। एंडी बालबर्नी ने उत्कृष्ट बल्लेबाजी की, जबकि केड कारमाइकल ने केवल अपने चौथे वनडे में 44 गेंदों पर पहला अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, राशिद खान ने एक के बाद एक एंडी बालबर्नी और हैरी टेक्टर को आउट करके आयरलैंड की गति पर ब्रेक लगा दिया। लोर्कन टकर और कारमाइकल ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन टकर रन आउट हो गए और अगले ही ओवर में कारमाइकल भी पवेलियन लौट गए। उस समय आयरलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 152 रन था। इसके बाद बेन केल्टज और कर्टिस केम्फर ने आक्रामक तरीके से तीन ओवरों में 41 रन जोड़े, लेकिन राशिद ने केल्टज को बोल्ड करके यह साझेदारी तोड़ दी। इसके बाद आयरलैंड की पारी तेजी से बिखर गई और टीम ने केवल नौ रन के इजाफे पर अंतिम चार विकेट गंवा दीं। राशिद ने इनमें से तीन विकेट हासिल कीं और 34 रन देकर छह विकेटों के शानदार आंकड़ों के साथ मैच समाप्त किया। आयरलैंड की पूरी टीम 33.4 ओवरों में 207 रन पर आउट हो गई और अफगानिस्तान ने 92 रन से जीत हासिल की। बारिश के कारण पहला वनडे टॉस के बिना ही रद्द हो गया था। दोनों टीमों के बीच अगला एकदिवसीय मैच सोमवार को बेलफास्ट के सिविल सेवा क्रिकेट क्लब में खेला जाएगा।