आरजेडी के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी भाजपा में शामिल हुए
Awaz E Bihar••38 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
पटना (एबीएन) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने शुक्रवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा के प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभा हॉल में आयोजित शानदार सदस्यता ग्रहण समारोह में राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाकर भाजपा परिवार में उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडे ने भी पार्टी में शामिल होने वाले लोगों का स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने सभी नए आने वालों का स्वागत करते हुए कहा कि आज भाजपा के अटल सभा हॉल में मृत्युंजय तिवारी और अन्य विपक्षी दलों के कई अच्छे लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त करते हुए भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। श्री जायसवाल ने कहा कि वे वर्षों से मृत्युंजय तिवारी को एक प्रवक्ता के रूप में सुनते आ रहे हैं और हमेशा यह महसूस होता था कि सबसे अच्छी राजनीति करने वाला एक योग्य व्यक्ति गलत पार्टी में है। आज उनके भाजपा परिवार में आने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा लगातार पूरे देश में अपना जनाधार बढ़ा रही है। चाहे पश्चिम बंगाल हो या असम, हर चुनाव में भाजपा के वोट का प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है। यही वजह है कि अन्य राजनीतिक दलों में भगदड़ मची हुई है और विभिन्न विचारधारा के लोग भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए पार्टी से जुड़ रहे हैं। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव राजेश कुमार झा, प्रदेश महासचिव डॉ प्रीति शेखर, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, मीडिया संयुक्त प्रभारी अमित प्रकाश बबलू, प्रभात मल्लिकार भी उपस्थित थे।