मध्य पूर्व में गहराते संकट के बीच देश में सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने व्यावसायिक रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में बड़ा इजाफा करने का एलान किया है। दिल्ली में 19 किलोग्राम गैस का व्यावसायिक सिलेंडर 993 रुपये महंगा हो गया है। होटलों और रेस्तरां में आम तौर पर उपयोग होने वाले व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में एक ही झटके में 993 रुपये का इजाफा एक रिकॉर्ड है। स्थानीय करों को मिलाकर दिल्ली में इसकी कीमत अब 2,078.50 रुपये से बढ़कर 3,071.50 रुपये हो गई है।
पश्चिम एशिया के संकट की शुरुआत 28 फरवरी को होने के बाद से अब तक व्यावसायिक रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में यह चौथा इजाफा है। इससे पहले, 1 अप्रैल को 195.50 रुपये, 7 मार्च को 114.50 रुपये और 1 मार्च को 28 रुपये प्रति सिलेंडर का इजाफा हुआ था। इसके साथ ही, दो महीनों में कीमतों में कुल 1,331 रुपये का इजाफा हुआ है। घरेलू उपयोग वाले 14 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें 7 मार्च को 11 महीनों के बाद 60 रुपये का इजाफा किया गया था। वर्तमान में दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये प्रति सिलेंडर है।
फरवरी में ईरान पर अमेरिका और इज़राइल के हमले के बाद तेल और गैस की वैश्विक आपूर्ति प्रभावित हुई है और कीमतें चरम पर हैं। सरकार ने वर्तमान में वित्तीय समायोजन के माध्यम से डीजल और पेट्रोल की कीमतें नहीं बढ़ने दी हैं। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी वृद्धि सीमित रखी गई है।