खगड़िया में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, 7 लोगों की मौत
Awaz E Bihar••3 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
खगड़िया : जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। दरअसल, कुछ लोग ऑटो में सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा मानसी थाना क्षेत्र के एनएच 31 ठाठा गांव के पास हुआ। सोमवार को दोपहर लगभग 4 बजे यात्रियों से भरा एक ऑटो खगड़िया से महेशखूंट की ओर जा रहा था। इस दौरान गलत रूट से तेज गति से आ रहे ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि ऑटो के परखचे उड़ गए। इसमें सवार यात्री दूर जा गिरे। इस दौरान 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल होने के कारण तड़पने लगे।
घायलों को इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में 3 महिलाएं समेत 7 लोग शामिल हैं। हादसे के समय मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोग घायलों को बचाने के लिए दौड़े, तो ट्रक के ड्राइवर ने भागने की कोशिश के दौरान एक पिकअप और टाटा सफारी कार को भी कुचल दिया। इस दर्दनाक घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा है। उन्होंने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। आरोपी ट्रक ड्राइवर अपनी गाड़ी छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह बचकर भाग निकला।
मुख्यमंत्री सुमित कुमार चौधरी ने खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र के ठाठा एनएच 31 पर सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। मुख्यमंत्री ने शोकसंतप्त परिवारों को इस कठिन घड़ी में साहस देने की प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री ने सभी मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने सड़क हादसे में घायल लोगों का पूरा इलाज कराने का निर्देश दिया है और उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।