मुख्यमंत्री ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में विजयी भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य शानदार बल्लेबाज, बिहार के लाल मिस्टर ईशान किशन को 1 करोड़ रुपये का चेक और शाल भेंट कर सम्मानित किया
Awaz E Bihar••36 व्यूज़•1 मिनट पढ़ें
मुख्यमंत्री सुमन्त चौधरी ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित अपने कार्यालय परिसर में आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में विजयी भारतीय टीम में अपने शानदार प्रदर्शन से बिहार का सिर गर्व से ऊंचा करने वाले श्री ईशान किशन को 1 करोड़ रुपये का चेक, स्मृति चिन्ह और शाल देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने श्री ईशान किशन को बधाई देते हुए कहा कि बिहार के क्रिकेटर श्री ईशान किशन ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मेरी शुभकामनाएं हैं कि वे भविष्य में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए नए रिकॉर्ड बनाएं और देश की शान में वृद्धि करें। उन्होंने कहा कि वे बिहार के बच्चों के लिए एक प्रेरणा हैं। हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ बी राजेंद्र, मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक श्री रवींद्रन शंकर के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी और क्रिकेटर श्री ईशान किशन के परिवार के सदस्य भी उपस्थित थे।