लाल किले की प्राचीर से पहली बार गाया जाएगा वन्दे मातरम्
Awaz E Bihar••12 व्यूज़•3 मिनट पढ़ें
देश के विभिन्न हिस्सों में जारी युवाओं और छात्रों के विरोध प्रदर्शनों के बीच इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह की थीम 'युवा शक्ति' को ही रखा गया है और साथ ही लाल किले की प्राचीर से पहली बार राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' भी गाया जाएगा। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 में युवाओं के सहयोग को महत्व देते हुए इस बार के समारोह की थीम 'विकसित भारत 2047 के लिए युवा शक्ति' रखी गई है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लाखों लोगों को प्रेरित करने वाले राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूरे होने के मद्देनजर इस बार लाल किले की प्राचीर से पहली बार वंदे मातरम गाया जाएगा। समारोह के लिए पांच हजार से अधिक विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें 56वीं अंतर्राष्ट्रीय फिजिक्स ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीतने वाले छात्र भी शामिल हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विभिन्न दिनों में देशभर में 343 स्थानों पर तीनों सशस्त्र सेनाओं के बैंड अपनी प्रस्तुति देंगे। श्री सिंह ने कहा कि लाल किले की प्राचीर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के साथ ही वंदे मातरम गाया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, राष्ट्रगान होगा और फिर प्रधानमंत्री का संबोधन होगा। प्रश्नों के उत्तर में रक्षा सचिव ने कहा कि समारोह के लिए युवा शक्ति की थीम पहले से ही तय थी और यह निर्णय युवाओं और छात्रों के आंदोलन से पहले ही किया गया था। समारोह में फूलों की सजावट में 'वंदे मातरम' की झलक नजर आएगी। इसमें नेशनल कैडेट कोर के 2,500 लड़के और लड़कियां तथा 'मेरा भारत' के स्वयंसेवक मिलकर लाल किले की प्राचीर के सामने ज्ञान पथ पर 'वंदे मातरम' का आकार बनाएंगे। भारतीय वायु सेना का एमआई-17 हेलीकॉप्टर 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक बैनर लेकर उड़ान भरेगा और लाल किले पर मौजूद लोगों पर फूलों की वर्षा करेगा। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं की उपलब्धियों की सराहना की जाएगी। अंतर्राष्ट्रीय फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथमेटिक्स ओलंपियाड 2026 में पदक जीतने वाले 19 छात्रों की उपलब्धियां विज्ञान के क्षेत्र में युवा शक्ति की उपलब्धि का एक उदाहरण हैं। उन्हें समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है और उन्हें विशेष अतिथियों के साथ बैठाया जाएगा। पृष्ठभूमि में लगे कट आउट परमाणु और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में भारत की प्रगति को दिखाएंगे, जबकि सलामी गार्ड वाले हिस्से में फूलों की सजावट 'विकसित भारत 2047' की ओर भारत की यात्रा की झलक पेश करेगी। समारोह के लिए लगभग 5,000 प्रमुख अतिथियों, जिन्होंने जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं और देश की विकसित भारत यात्रा का मार्गदर्शन कर रहे हैं, को विशेष अतिथियों के रूप में आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी बुलाया गया है। विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से दिल्ली में रहने वाले 1,500 से अधिक लोगों को पारंपरिक परिधान में इस भव्य समारोह को देखने के लिए आमंत्रित किया गया है। वे लाल किले पर 'मिनी भारत' की झलक पेश करेंगे।