पटना (एबीएन) मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को पहली कैबिनेट बैठक हुई। बैठक के बाद कैबिनेट सचिवालय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि आज की बैठक में 22 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट में आज एक महत्वपूर्ण निर्णय में 11 नए ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप को बढ़ावा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। साथ ही 75 आईटीआई को भी आधुनिक स्किल सेंटर के रूप में अपग्रेड करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। कैबिनेट की बैठक में सोनपुर बाबा हरिहर नाथ मंदिर परिसर को बाबा विश्वनाथ कोरिडोर की तर्ज पर बढ़ावा देने के लिए एकमुश्त 680 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा तारापुर में सांस्कृतिक, धार्मिक और पर्यटन सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए मौजा गाजीपुर में पर्यटन विभाग को 15 एकड़ मुफ्त जमीन प्रदान करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। कैबिनेट ने 7 निश्चय-3 के क्रियान्वयन को भी मंजूरी दी है, जिसमें 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों को जमीन, प्लॉट और फ्लैट घर बैठे रजिस्ट्रेशन की सुविधा प्रदान करने का वादा किया गया है। सरकार ने तय किया है कि जमीन और फ्लैट के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया अब पेपरलेस होगी। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 'पुलिस दीदी' योजना के तहत 1500 स्कूटी और पुलिस बल के लिए 3200 मोटरसाइकिल खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है, जिस पर 66.75 करोड़ रुपये की लागत आएगी। उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए आईआईटी पटना में 344 करोड़ रुपये की लागत से रिसर्च पार्क और इनक्यूबेशन सेंटर के विस्तार को मंजूरी दी गई है। वहीं, नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी और चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के लिए जमीन प्रदान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। कैबिनेट की बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि सड़क दुर्घटना में सामूहिक रूप से लोगों की मौत होने पर परिजनों और घायलों को राज्य आपदा प्रतिक्रिया फंड से सहायता प्रदान की जाएगी।