भाजपा का मुख्यमंत्री बनने के बाद अपराधी बेलगाम हो जाते हैं: सीपीआई
Awaz E Bihar••18 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
पटना, 29 अप्रैल (एबीएन) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के राज्य सचिव रामनरेश पांडे ने बुधवार को आरोप लगाया कि बिहार में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री बनने के बाद अपराधी बेलगाम हो गए हैं और राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। सीपीआई के राज्य सचिव ने आज एक बयान जारी करते हुए कहा कि बिहार में हत्या और अपराध की घटनाओं में भारी वृद्धि से राज्य में भय और आतंक का माहौल है। अपराधी इतने निडर हो गए हैं कि दिन-दहाड़े हत्या की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने भागलपुर, मुजफ्फरपुर और पटना सहित विभिन्न जिलों में हाल की आपराधिक घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि कानून का डर खत्म हो गया है। श्री पांडे ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि हत्या और अपराध के मामलों में बिहार देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल है और अपराध दर में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में अपराधों की संख्या में 80 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2005 से अब तक बलात्कार की घटनाओं में 47.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य की जो तस्वीर सामने आ रही है, उसके अनुसार आए दिन व्यापारी, राजनीतिक कार्यकर्ता, वकील, शिक्षक और आम आदमी अपराध का शिकार हो रहे हैं। राजधानी पटना आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामलों में बिहार का अग्रणी जिला बन गया है। सीपीआई के राज्य सचिव ने आरोप लगाया कि राज्य की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने बढ़ते अपराधों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार को इसका जिम्मेदार ठहराया और जनता से अपील की कि वे बिगड़ती कानून व्यवस्था की स्थिति के खिलाफ संघर्ष करने के लिए आगे आएं।