बिहार में फिल्म उद्योग को बढ़ावा, स्थानीय व्यापारियों के लिए बड़ा अवसर
Awaz E Bihar••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
पटना : कला एवं संस्कृति विभाग और बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड ने बिहार में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने और स्थानीय व्यवसायियों के लिए एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया है। इस विशेष पहल से राज्य के कलाकारों, तकनीकी विशेषज्ञों और विभिन्न सेवाएं प्रदान करने वालों के लिए नए अवसरों के द्वार खुल गए हैं। इस पोर्टल के माध्यम से स्थानीय कलाकार (अभिनेता, नर्तक, गायक आदि) के साथ-साथ फिल्म निर्माण से जुड़े तकनीकी और पेशेवर लोग भी अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इसमें कैमरा, लाइट, साउंड, ड्रोन, एडिटिंग, वीएफएक्स जैसी तकनीकी सेवाएं, आर्ट डायरेक्शन, सेट डिज़ाइन, परिधान और मेकअप जैसी रचनात्मक सेवाएं शामिल हैं। इसके अलावा, होटल, परिवहन, शूटिंग लोकेशन, कैटरिंग जैसी लॉजिस्टिक सेवाएं प्रदान करने वाले व्यवसायी भी इस प्लेटफ़ॉर्म से जुड़ सकते हैं। मीडिया और प्रमोशन से जुड़े लोग जैसे डिजिटल मार्केटिंग, सोशल मीडिया और फोटोग्राफी के पेशेवरों के साथ-साथ सुरक्षा, इवेंट मैनेजमेंट और स्थानीय समन्वय से जुड़े लोग भी आवेदन कर सकते हैं। इस पोर्टल का सबसे बड़ा फायदा यह है कि बिहार में होने वाली फिल्मों की शूटिंग के दौरान स्थानीय लोगों को सीधे फिल्म निर्माण घरों के साथ काम करने का अवसर मिलेगा। इससे न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे बल्कि स्थानीय व्यवसायियों को भी नए क्लाइंट मिलेंगे और आय के स्रोतों में वृद्धि होगी। रुचि रखने वाले लोग आसानी से वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण करा सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह से निशुल्क है।