बीपीएससी शिक्षक भर्ती को लेकर उम्मीदवारों का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस ने जमकर लाठियां बरसाईं
Awaz E Bihar••6 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
पटना : (एबीएन) राजधानी पटना में बीपीएससी शिक्षक भर्ती (टीआरई 4.0) को लेकर गुरुवार को हजारों उम्मीदवारों ने बड़ा प्रदर्शन किया। भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे उम्मीदवारों और पुलिस के बीच उस समय टकराव की स्थिति पैदा हो गई जब प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने लाठी चार्ज किया, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई और कई उम्मीदवार एक दूसरे के ऊपर गिर पड़े। प्रदर्शन में पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवार बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शनकारी पटना कॉलेज से मार्च करते हुए डाक बंगला चौराहे की ओर बढ़ रहे थे। हजारों छात्रों के सड़कों पर आने से शहर का ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ और कई महत्वपूर्ण मार्गों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र नेता दिलीप कुमार कर रहे थे। उन्होंने पहले ही हजारों उम्मीदवारों के साथ मार्च का ऐलान किया था। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार और शिक्षा विभाग भर्ती प्रक्रिया में लगातार देरी कर रहे हैं, जिससे लाखों उम्मीदवार अनिश्चितता का शिकार हो रहे हैं। उम्मीदवारों के अनुसार शिक्षा विभाग ने पहले दावा किया था कि अप्रैल में भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, लेकिन अब तक कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई है। छात्रों का कहना है कि बीपीएससी कैलेंडर के अनुसार यह परीक्षा पहले ही हो जानी चाहिए थी, लेकिन अभी तक भर्ती की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि देरी के कारण हजारों उम्मीदवार आयु सीमा पार कर सकते हैं, जिसके बाद वे परीक्षा में शामिल होने के योग्य नहीं रहेंगे। छात्रों ने सरकार से तत्काल कदम उठाने और भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की। पुलिस ने प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए पहले ही बड़ी संख्या में कर्मियों को तैनात किया था। डाक बंगला चौराहे के आसपास बैरिकेडिंग भी की गई थी, लेकिन प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ गई और पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। लाठी चार्ज के बाद कई उम्मीदवार जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। बीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार के अनुसार शिक्षक भर्ती के तहत 46,882 पदों पर नियुक्ति की जानी है। हालांकि, उम्मीदवारों का कहना है कि जब तक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं होती, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।