बाढ़ प्रभावित लोगों को समय पर जरूरी सुविधाएं मुहैया करायें : सम्राट
Awaz E Bihar••20 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
पटना, 28 सितंबर: (एबीएन) बिहार में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को वैशाली, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया. उन्होंने गोपालगंज के डुमरिया घाट पुल और पचरिया इलाके का निरीक्षण करने के साथ ही गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर की जांच की और अधिकारियों से ताजा स्थिति की जानकारी ली. डुमरिया घाट पर अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब डेढ़ मीटर ऊपर पहुंच गया है. रात में जलस्तर 50 सेमी और बढ़ने की आशंका है। हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य पूरी तत्परता से जारी रखने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने संवेदनशील और बाढ़ प्रभावित इलाकों की लगातार निगरानी करने का आदेश देते हुए कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित लोगों के बीच काम करे और जरूरतमंदों को सभी आवश्यक सहायता तुरंत मुहैया करायी जाये. उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को तटबंधों की लगातार निगरानी करने और आवश्यक एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने खासकर रात में गश्त बढ़ाने पर जोर दिया और कहा कि जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के बीच बेहतर समन्वय रखा जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके. सम्राट चौधरी ने प्रभावित क्षेत्रों में स्थापित बाढ़ राहत शिविरों और सामुदायिक रसोई के माध्यम से पीड़ितों को निरंतर भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया. उन्होंने साफ किया कि पीड़ितों को राहत पहुंचाने के काम में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए. मुख्यमंत्री ने वैशाली जिले, सारण जिले के हेजलपुर, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज के डुमरिया घाट और पचरिया इलाकों की हवाई स्थिति की समीक्षा की और जमीनी स्तर पर चल रहे राहत और बचाव कार्यों की भी जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री व जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, सांसद राधा मोहन सिंह, विधानसभा सदस्य कृष्ण नंदन पासवान, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रीति अमृत, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरभ, पूर्वी चंपारण के एसपी सोरन प्रभात और गोपालगंज के एसपी उपस्थित थे. एसपी विनय तिवारी समेत अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे.