-समस्तीपुर, छपरा मेडिकल कॉलेज में 50, 50 एमबीबीएस सीटें स्वीकृत
Awaz E Bihar••63 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा : शिक्षकों व संसाधनों की कमी नहीं होगी
पटना: (एबीएन) बिहार में मेडिकल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण विकास हुआ है. राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, समस्तीपुर और राजकीय मेडिकल कॉलेज, छपरा (सारण) में एमबीबीएस पाठ्यक्रम शुरू करने की अनुमति दे दी है। दोनों कॉलेजों में 50-50 सीटें होंगी। एनएमसी के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (एमएआरबी) ने दोनों संस्थानों को अनुमति पत्र जारी कर दिए हैं। इस मंजूरी से राज्य में चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे और भविष्य में बड़ी संख्या में प्रशिक्षित डॉक्टर उपलब्ध होंगे। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, नए मेडिकल कॉलेजों से न केवल छात्रों को अपने क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, बल्कि संबंधित अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं और आधुनिक उपचार सुविधाएं भी मजबूत होंगी. स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने केंद्र सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि समस्तीपुर और सारण में एमबीबीएस सीटों की मंजूरी बिहार के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि राज्य के मेडिकल कॉलेजों में शिक्षा के लिए आवश्यक शिक्षकों और संसाधनों की कमी नहीं होगी. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को उनके इलाके में गुणवत्तापूर्ण और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना है। नए मेडिकल कॉलेजों और एमबीबीएस सीटों का जुड़ना इस लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे बिहार में चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा और मजबूत होगा।