राज्य की वित्तीय स्थिति अच्छी है, इसे और बेहतर बनाने के लिए सभी विभाग संगठित तरीके से काम करें : मुख्यमंत्री
Awaz E Bihar••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
पटना, 23 अप्रैल : (एबीएन) मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज मुख्यमंत्री सचिवालय में वित्त और आन्तरिक संसाधन से संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक हुई। समीक्षा बैठक के दौरान वित्त विभाग, वाणिज्य कर विभाग, खनन विभाग, शहरी विकास और आवास विभाग, राजस्व और भूमि सुधार विभाग, मद्य निषेध, उत्पाद और पंजीकरण विभाग, परिवहन विभाग, पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के लक्ष्य, राजस्व संग्रह और अन्य उपलब्धियों से संबंधित प्रस्तुतिकरण के माध्यम से विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की वित्तीय स्थिति अच्छी है, इसे और बेहतर बनाने के लिए सभी विभाग संगठित तरीके से काम करें। राजस्व में वृद्धि के लिए नए साधन और नए अवसर खोजें। सभी विभागों में वित्तीय अनुशासन आवश्यक है, इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित करें। संसाधनों का सही उपयोग आवश्यक है। सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के लिए जो लक्ष्य निर्धारित किया जाता है, उसे निर्धारित समय में पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य के बजट में काफी वृद्धि हुई है, राज्य में बहुत सारे विकास कार्य किए जा रहे हैं, लोगों के हित में सरकार सभी आवश्यक कदम उठाएगी। बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, विकास आयुक्त श्री महीर कुमार सिंह, राजस्व और भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव श्री सी के अनिल, वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री आनंद किशोर, शहरी विकास और आवास विभाग के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, वाणिज्य कर विभाग के आयुक्त और सचिव श्री संजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ चंद्रशेखर सिंह, परिवहन विभाग के सचिव श्री राजकुमार, भूमि रिकॉर्ड और सर्वेक्षण के निदेशक श्री सौरभ भगत, खनन विभाग के निदेशक श्री मनीष कुमार मीना सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।