मधुबनी, 9 अगस्त (सालम आजाद) बिहार के मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह तेज रफ्तार अनजान गाड़ी की चपेट में आने से तीन महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अरेर थाना क्षेत्र के हनुमान चौक नौतोली की कुछ महिलाएं रविवार की सुबह भी सैर के लिए निकली थीं। सैर के बाद तीन महिलाएं जगदम्बा पेट्रोल पंप के सामने ईंट भट्ठे के पास सड़क किनारे बैठी हुई थीं। इसी दौरान रहिका की ओर से तेज गति से आने वाली एक चारपहिया गाड़ी ने सड़क से लगभग तीन से चार फुट दूर बैठी तीनों महिलाओं को कुचल दिया और ड्राइवर गाड़ी समेत फरार हो गया। हादसे में तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वहां मौजूद तीन अन्य महिलाएं बाल-बाल बच गईं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने हादसे के बाद फरार गाड़ी की पहचान और ड्राइवर की गिरफ्तारी का मांग करते हुए सड़क जाम कर दी, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई। सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर बेनीपट्टी के थानाध्यक्ष व पुलिस निरीक्षक अनूप कुमार और अरेर के थानाध्यक्ष आनंद शंकर गुरु पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस प्रशासन सड़क जाम करने वाले लोगों को समझाने का प्रयास कर रहा है। मृत महिलाओं की पहचान पूर्व अरुण झा की 72 वर्षीय पत्नी फूल दाई देवी, राजू महतो की 42 वर्षीय पत्नी करण देवी और पचु साह की 55 वर्षीय पत्नी रीता देवी के रूप में हुई है। दो मृत महिलाओं के परिजन शव अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले गए हैं, जबकि रीता देवी का शव फिलहाल सड़क पर रखा हुआ है। पुलिस फरार गाड़ी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।